पंचायत में ऐतिहासिक जीत पर मतदाताओं का आभार: दिलीप सैकिया

गुवाहाटी, 12 मई (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने पंचायत चुनाव में भाजपा-गठबंधन की ऐतिहासिक जीत को राज्य की विकास यात्रा के प्रति जनसमर्थन करार देते हुए मतदाताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में चल रही निरंतर प्रगति को गति देने के लिए जनता ने मतदान किया है।

दिलीप सैकिया ने भाजपा-गठबंधन के विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जनादेश विकास के प्रति जनता की आस्था को दर्शाता है। लगभग 1 करोड़ 81 लाख मतदाताओं ने जिस प्रकार से भाजपा गठबंधन को समर्थन दिया, वह असम की ग्रामीण राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण है।

उन्होंने आशा जताई कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधि आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी असम के निर्माण में पूरी जिम्मेदारी, दक्षता और समर्पण के साथ काम करेंगे। उन्होंने प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे सबका साथ-सबका विकास की भावना से काम करें।

सैकिया ने इस जनादेश को परिपक्व लोकतांत्रिक सोच का परिणाम बताया और कहा कि 80 फीसदी से अधिक जिला परिषद और आंचलिक पंचायत सीटों पर भाजपा गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत इस बात का संकेत है कि जनता ने विपक्ष मुक्त पंचायत की ओर कदम बढ़ाया है।

उन्होंने भाजपा सरकार की ग्रामीण विकास योजनाएं, सड़क, नाली, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं, युवाओं, किसानों और छात्रों को केंद्र में रखकर बनाई गई नीतियों को जीत का कारण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति के मुकाबले भाजपा की संतुष्टिकरण नीति ने जनसमर्थन हासिल किया है।

दिलीप सैकिया ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को धन्यवाद् देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और गठबंधन के सभी नेताओं का आभार प्रकट किया।

अंत में उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों से विनम्रता के साथ गांव-गांव जाकर जनता की सेवा करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर