सीमांकन विवाद में पटवारी से मारपीट और बंधक बनाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
उमरिया, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में जमीन सीमांकन को लेकर विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। पाली तहसील अंतर्गत ग्राम बकेली में ड्यूटी पर गए पटवारी के साथ मारपीट और उसे घर में बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बकेली हल्के में पदस्थ पटवारी गोरेलाल सिंह मार्को ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे गांव में जमीन सीमांकन का कार्य पूरा कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बड़वाही तिराहे के पास उनकी मुलाकात विपिन सोनी से हुई।
पटवारी का आरोप है कि सीमांकन को लेकर विपिन सोनी नाराज था। उसका कहना था कि उसकी जमीन को शासकीय भूमि बताया गया है, जबकि पहले ऐसा नहीं हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर विपिन सोनी ने कथित रूप से पटवारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने हाथ-मुक्कों से हमला कर पटवारी की कलाई मरोड़ दी और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।
पटवारी ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी उन्हें घसीटकर अपने घर के अंदर ले गया और कुछ समय तक बंधक बनाकर मारपीट करता रहा। शोर सुनकर आसपास के लोगों विकाश बैगा, मानू प्रजापति और संजय साहू के पहुंचने पर आरोपी ने उन्हें बाहर निकाला।
पीड़ित पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने जाते समय दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना में पटवारी के बाएं हाथ की कलाई और पैर में चोट आने की बात कही गई है।
घटना के बाद पटवारी अपनी पत्नी के साथ पाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट से जुड़े प्रकरण के रूप में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पटवारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------

