बजट प्रतिक्रिया : सत्ता में बैठे लोगों को बिहार की तरक्की कैसे हो इसकी चिंता नहीं है : तेजस्वी यादव
- Admin Admin
- Mar 03, 2025

पटना, 03 मार्च (हि.स.)।
बिहार विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का 3.17 लाख करोड़ रुपये का बजट आज पेश किया गया। वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने दूसरी बार राज्य का बजट पेश किया। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस बजट बेकार का बजट बताया। उन्होंने कहा कि बिहार के हित में यह बजट नहीं है। सत्ता में बैठे लोगों को बिहार की तरक्की कैसे हो इसकी चिंता नहीं है। हमारी पार्टी सत्ता में बैठे लोगों का पोल खोलने का काम करेगी।
विधानसभा परिसर के में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार प्रति व्यक्ति आय और किसानों की आय में काफी पीछे है। सबसे ज्यादा बेरोजगारी और गरीबी में बिहार में है। नौकरी और रोजगार कैसे बढे, पेपर लीक कैसे रुके इसकी चर्चा बजट में नहीं की गयी है। लॉ एन्ड ऑर्डर पर भी चर्चा नहीं की गयी। पुलिस का मॉडर्नाइजेशन कैसे हो इसके बारे में कोई चर्चा बजट में नहीं की गयी। लोगों का पलायन को कैसे रुके इसकी भी चर्चा नहीं की गयी। दिव्यांग भाईयों की ना तो चर्चा हुई और ना ही महिलाओं को आर्थिक न्याय देने की बारे में कोई चर्चा की गयी।
महिलाओं के लिए पिंक बस चलाने की योजना पर तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार ट्रांसपोर्ट का बस तो ठीक से चल नहीं पाता है ये पिंक बस चलाएंगे। तेजस्वी ने कहा कि यह बेकार का बजट है बिहार के हित में नहीं है। बिहार की तरक्की कैसे हो इन लोगों को चिंता नहीं है। अब हम इन लोगों का पोल खोलने का काम करेंगे। झूठ का पुलिंदा चलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गुजरात को क्या-क्या दिया और बिहार को केन्द्र ने कितना दिया इसकी भी चर्चा होनी चाहिए। इस सरकार से बिहार की जनता मायूस तो पहले से थी अब इस बजट से सरकार से विश्वास लोगों का उठ चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी