पिंगला क्षेत्र के रेल विकास को लेकर विधायक ने डीआरएम से की चर्चा
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
खड़गपुर, 11 जून (हि. स.)। पिंगला विधानसभा क्षेत्र के रेल विकास तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर क्षेत्र की विधायक स्वागत मन्ना ने गुरुवार को खड़गपुर मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के विकास और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पिंगला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, यात्री सुरक्षा, स्वच्छता, आवागमन की सुगमता तथा स्टेशन परिसरों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया गया।
विधायक ने विशेष रूप से जकपुर और मादपुर रेलवे स्टेशनों की वर्तमान स्थिति का उल्लेख करते हुए वहां यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने स्थानीय निवासियों, दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों तथा व्यापारियों की ओर से प्राप्त विभिन्न मांगों और सुझावों को भी मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष रखा।
मंडल रेल प्रबंधक ने खड़गपुर मंडल में रेलवे की ओर से संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यात्री सुविधाओं और स्टेशन अवसंरचना को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बैठक में उठाए गए विषयों पर रेलवे की नीतियों और व्यवहारिकता के आधार पर आवश्यक विचार किया जाएगा।
---------------

