भागलपुर, 01 जून (हि.स.)। श्रावणी मेला शुरू होने से पहले डाक कांवर यात्रा में आस्था का एक अनोखा नजारा देखने को मिला।
असरगंज-कच्ची कांवरिया पथ पर एक पूर्व सैनिक अपने पूरे शरीर को जंजीरों से जकड़कर बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा करते नजर आए। शेखपुरा जिले के एकड़ा गांव निवासी राम उदय सिंह सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुए हैं।
राम उदय सिंह ने बताया कि वे भारतीय सेना में 18 वर्षों तक सेवा दे चुके हैं। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद से वे लगातार बाबा धाम की यात्रा कर रहे हैं। इस बार उन्होंने जनकल्याण, सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना को लेकर खुद को जंजीरों से बांधकर डाक कांवर यात्रा करने का संकल्प लिया है इससे पहले वे सुराही कांवर के साथ यात्रा करते थे। लेकिन इस बार उनकी यह अनोखी साधना श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रास्ते में जहां-जहां से वे गुजर रहे हैं, वहां श्रद्धालुओं की भीड़ उन्हें देखने के लिए उमड़ रही है।
लोग उनकी भक्ति और समर्पण की सराहना कर रहे हैं। जंजीरों में बंधे पूर्व सैनिक की यह अनोखी कांवर यात्रा इन दिनों कांवरिया पथ पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
---------------

