गुजरात के विकास को मिली नई रफ्तार, प्रधानमंत्री मोदी ने ₹18,778 करोड़ की परियोजनाओं का किया शुभारंभ
- DSS Admin
- Jun 05, 2026
सूरत, 05 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की कुल ₹18,778 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर राज्य के विकास को नई गति प्रदान की।
केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री ने ₹16,968 करोड़ की लागत से तैयार और प्रस्तावित 7 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के तहत ₹7,689 करोड़ की लागत से निर्मित वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-56 और राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ₹4,732 करोड़ की लागत से बनने वाली चार सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं, ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग के तहत ₹4,547 करोड़ की लागत से राज्य के ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार परियोजना का भी लोकार्पण किया गया। इसके साथ राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अंतर्गत ₹1,810 करोड़ की लागत वाली 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीसी) के तहत ₹1,063.43 करोड़ की लागत से भरूच और वलसाड में आठ परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
प्रधानमंत्री ने सूरत में रीजनल साइंस सेंटर का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा पुरानी सिविल अस्पताल परिसर में 100 बिस्तरों वाले उप-जिला अस्पताल, 50 बिस्तरों वाले आयुष अस्पताल तथा ₹212 करोड़ की लागत से निर्मित 200 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के उन्नयन और वापी स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज जैसी महत्वपूर्ण शहरी सुविधाओं का भी लोकार्पण किया गया, जिससे नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
---------------

