बरनाला में महंगाई पर कांग्रेस का हल्ला बोल:खच्चर रेहड़े पर निकाला मार्च, काला ढिल्लों ने केंद्र और पंजाब सरकार को घेरा
- Neha Gupta
- Jun 01, 2026
बरनाला में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों के नेतृत्व में सदर बाजार में हुआ। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन से लेकर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा तक खच्चर रेहड़े पर सवार होकर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया। यह प्रदर्शन महंगाई के मुद्दे पर केंद्रित था। विधायक बोले- कॉर्पोरेट घरानों को फायदा हो रहा है विधायक काला ढिल्लों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि न होने के बावजूद केंद्र सरकार देश में पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे बड़े कॉर्पोरेट घरानों को फायदा हो रहा है, जबकि आम जनता महंगाई से जूझ रही है। ढिल्लों ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी इस महंगाई में केंद्र का साथ दे रही है और उसने वैट कम नहीं किया है।

