बाड़मेर, बालोतरा में पुलिस की होली फीकी, मांगों को लेकर होली का बहिष्कार किया जवानों ने

बाड़मेर, 15 मार्च (हि.स.)। धुलंडी के दूसरे दिन पुलिस के अधिकारियों और जवानों होली खेलने की परंपरा है। लेकिन इस बार बाड़मेर, बालोतरा में पुलिस की होली फीकी रही। जवानों ने इस बार अपनी मांगों को लेकर होली का बहिष्कार किया। इस वजह से पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक, एएसपी, डीएसपी और थानाधिकारी की ओर से होली खेली गई। इस दौरान बाड़मेर एसपी ने अधिकारियों के साथ डीजे की धुन पर डांस किया। एसपी ने कहा कि होली और धुलंडी के दिन पुलिस के जवानों लगातार ड्यूटी करते है। इस वजह से धुलंडी के दूसरे दिन पुलिस होली मनाती है।

पुलिस लाइन में शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने होली खेली। जवान डीपीसी, वीकली छुट्‌टी, पे ग्रेड बढ़ाने सहित 11 सूत्री मांग लगातार कर रहे है। सरकार की ओर से मांगे नहीं माने जाने पर पुलिस की होली का बहिष्कार किया। एसपी की ओर से पुलिस लाइन में होली खेलने के लिए सारे बंदोबस्त किए हुए थे। लेकिन पुलिस के जवान नहीं पहुंचने से पुलिस की होली का रंग फीका नजर आया। हालांकि बाड़मेर एसपी नरेंद्र सिंह मीना, एएसपी, डीएसपी और थानों के अधिकारी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ होली खेली।

पुलिस लाइन में ढोल की धुन पर पुलिस के अधिकारियों ने जमकर ठुमके लगाए। इस दौरान एसपी व पुलिस अधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

   

सम्बंधित खबर