जबलपुर : युवक पर दो राउंड फायरिंग, महिला मित्र के साथ आरोपी मौके से फरार

जबलपुर, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र में रविवार सोमवार की दरमियानी रात एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक अपनी महिला मित्र के साथ स्कूटी से आया और विवाद के चलते दूसरे युवक पर दो राउंड फायर किए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गढ़ा पुलिस के अनुसार मेडिकल अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सूपाताल निवासी अंकित लखेरा ने पुलिस को बताया कि वह पार्सल डिलीवरी का कार्य करता है। उसके अनुसार लाल बिल्डिंग निवासी करन विश्वकर्मा का सूपाताल के अंबर नामक युवक से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। करन को संदेह था कि अंकित, हर्ष अहिरवार और आर्यन अहिरवार उसकी लोकेशन अंबर को बताते हैं।

अंकित ने बताया कि वह अपने मित्र हर्ष अहिरवार और आर्यन अहिरवार के साथ रामनगर स्थित काली मंदिर के सामने शाही फर्नीचर दुकान के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। तभी करन विश्वकर्मा अपनी महिला मित्र सोनाली बर्मन के साथ काले रंग की स्कूटी से वहां पहुंचा।

आरोप है कि सोनाली स्कूटी के पास खड़ी हो गई, जबकि करन ने कमर से पिस्टल निकालकर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से अंकित की ओर दो राउंड फायर किए। फायरिंग से घबराकर तीनों युवक भागने लगे। इस दौरान अंकित एक दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई।

घटना के बाद करन विश्वकर्मा ने जान से मारने की धमकी दी और सोनाली बर्मन के साथ स्कूटी से देवताल चौराहे की ओर फरार हो गया। गढ़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर