पौड़ी में युवक ने दौड़ाया पुलिस का वाहन,वीडियो वायरल, होगी जांच
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
पौड़ी गढ़वाल, 07 जुलाई (हि.स.)। जिला अस्पताल पौड़ी में अस्पताल भवन के भीतर बाइक राइडिंग के बाद आरोपित युवक ने पुलिस वाहन को पौड़ी की सड़कों पर दौड़ाया। जिसका एक वीडियो आरोपित ने स्वयं के सोशल मीडिया एकाउंट पर अपलोड किया। जिसके बाद यह वीडियों इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऐसे में पुलिस वाहन आरोपित के पास कैसे गया, इस पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियोंका कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। मामले में जल्द कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला मुख्यालय पौड़ी में एक युवक द्वारा यहां की सड़कों पर एक पुलिस वाहन दौड़ाया जा रहा है। जिसका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि यह वहीं युवक है, जिसने बीते माह जिला अस्पताल पौड़ी में भवन के भीतर बाइक राइडिंग की थी। प्रकरण में जिला अस्पताल पौड़ी के पीएमएस ने पुलिस को तहरीर देते हुए अज्ञात युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने प्रकरण में संलिप्त युवक को गिरफ्तार कर एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए वाहन सीज किया था। लेकिन उसी युवक ने पुलिस को कड़ी चुनौती पेश की है।
युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियों अपलोड किया है। जिसमें वह एक पुलिस वाहन को सड़कों पर दौड़ाता नजर आ रहा है। पुलिस ने पहले इस वीडियों को पौड़ी का मानने से इंकार किया। लेकिन बाद में वह जांच में जुट गई। सीओ सदर तपेश चंद्र ने बताया कि एक युवक पुलिस वाहन को सड़क पर दौड़ाता एक वीडियों में नजर आ रहा है। उसके पास पुलिस वाहन कैसे आया। उसके बाद वह इस वाहन को कैसे चला रहा है। यह सवाल चिंताजनक हैं। उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। मामले में जल्द कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

