इलेक्ट्रिकल और फार्मेसी डिप्लोमा की डिमांड

भास्कर न्यूज | जालंधर लाडोवाली रोड स्थित गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक कॉलेज में डिप्लोमा कोर्सों के लिए दाखिला प्रक्रिया जारी है। पहले राउंड की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है और विभिन्न कोर्सों में सीटें अलॉट की जा चुकी हैं। शुरुआती रुझानों में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर असिस्टेंट शिप और फार्मेसी विद्यार्थियों की पहली पसंद बनकर उभरे हैं। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में भी विद्यार्थियों की अच्छी रुचि देखने को मिल रही है। कॉलेज में आर्किटेक्चर असिस्टेंटशिप, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस, मॉडर्न ऑफिस प्रैक्टिस और फार्मेसी सहित कई डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। आर्किटेक्चर असिस्टेंटशिप, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस और मॉडर्न ऑफिस प्रैक्टिस में 30-30 सीटें हैं, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और फार्मेसी में 60-60 सीटें उपलब्ध हैं। पहले चरण के बाद अधिकांश कोर्सों में 20 से अधिक सीटों पर प्रवेश हो चुका है। कॉलेज की प्रिंसिपल प्रेणुका जिंदल ने बताया कि इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर असिस्टेंटशिप और फार्मेसी जैसे कोर्सों की अच्छी प्लेसमेंट के कारण विद्यार्थियों का रुझान इनकी ओर अधिक है। इन कोर्सों के विद्यार्थियों का चयन प्लानिंग विभाग, रिफाइनरी और विभिन्न सरकारी व निजी संस्थानों में होता है। डिप्लोमा के बाद छात्र नौकरी करने के साथ-साथ व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं। फार्मेसी को छोड़कर सभी डिप्लोमा कोर्स तीन वर्षीय हैं, जबकि फार्मेसी का डिप्लोमा दो वर्ष का है। दाखिले के लिए 10वीं के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाती है। कॉलेज में प्रवेश लेने वाले पात्र एससी विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप का लाभ मिलता है। इसके लिए छात्रों के अभिभावकों की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम होना आवश्यक है। मुख्यमंत्री स्कॉलरशिप योजना के तहत विद्यार्थियों को अंकों के आधार पर फीस में राहत दी जा रही है। 90% या उससे अधिक अंक : दाखिले के समय केवल 7,150 रुपये फीस। 80% से 90% : प्रवेश के समय 8,250 रुपये तथा छह माह बाद 1,100 रुपये 70% से 80% : प्रवेश के समय 9,350 रुपये तथा छह माह बाद 2,200 रुपये 60% से 70% : प्रवेश के समय 10,450 रुपये तथा छह माह बाद 3,300 रुपये 60% से कम : प्रवेश के समय 18,150 रुपये तथा छह माह बाद 11,000 रुपये इसके अलावा पात्र विद्यार्थी प्रगति, सक्षम और अन्य स्कॉलरशिप स्कीमों के तहत हर साल 50 हजार रुपये तक की स्कॉलरशिप भी प्राप्त कर सकते हैं।

   

सम्बंधित खबर