फायरिंग मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार

सरायकेला, 25 नवंबर (हि.स.)।

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित एनएच-33 पर आ सनबनी के टाटा हाइवे होटल में 20 नवंबर को हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की। लगातार दबिश और निगरानी के बाद पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में मानगो और आजादनगर क्षेत्र के रहने वाले मो. शहबाज आलम (20), मो. शाहिद रजा (19) और मो. फैजान आलम उर्फ मैक्स (20) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक फायरिंग की घटना में प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे और इन्हें अलग-अलग ठिकानों से पकड़ा गया है। आरोपितों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी है। इस सफल अभियान का नेतृत्व चांडिल थाना प्रभारी निर्वल तिड़ू ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

   

सम्बंधित खबर