सुपौल, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी कर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में अवैध रूप से विदेशी शराब की खेप रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां से कुल 180 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। हालांकि इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसमें किन लोगों की संलिप्तता है, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

