मंडी की जनता ने नगर निगम में भाजपा पर जताया भरोसा : जयराम ठाकुर
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
मंडी, 29 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नगर निगम चुनाव में मंडी की जनता ने एक बार फिर भरतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है। जिसके चलते मंडी नगर निगम को तीसरी बार भाजपा की मेयर और डिप्टी मेयर मिले हैं। उन्होंने मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि नगर निगम चुनावों में भाजपा को हिमाचल में बहुत बड़ा जनसमर्थन मिला है।
उन्होंने कहा कि चारों नगर निगमों में आज चुनाव रखा गया था। जिसमें धर्मशाला और सोलन में कोरम पूरा नहीं हो पाया है। केवल मंडी और पालमपुर में ही कोरम पुरा हुआ है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से बहुत बुरी तरह से चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। सरकार की कोशिश रही कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया काे प्रभावित करते हुए मेयर, डिप्टी मेयर, जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, बीडीसी व नगर परिषदों आदि के चुनावों में विलंब किया गया। जबकि सरकार को इसका समर्थन करना चाहिए।
जयराम ने मंडी वासियों का आभार जताते हुए कहा कि मंडी की जनता ने भाजपा पर भरोसा किया। उन्होंने कहा कि मंडी नगर निगम के मेयर एवं डिप्टी मेयर के चुनाव में राज्यसभा सांसद डा. सिकंदर और पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य को पार्टी की ओर मंडी नगर निगम के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। जिन्होंने सबसे बात करने के बाद विधायकों व कार्यकर्ताओं के विचार सुने, सबके सहयोग से यह चुनाव प्रक्रिया पूर्ण हुई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी में मेयर व डिप्टी मेयर के चुनावी प्रक्रिया से जुड़े फार्म पर प्रपोजर का नाम ही नहीं था। जब प्रशासन के ध्यान में यह मामला लाया गया, तो इसमें अधिकारी गलती मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद उन्हें धर्मशाला और सोलन का फार्म भेजा गया। इसके बाद यह फार्म बदल दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार की ओर से चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी।
इससे पूर्व पर्यवेक्षक राज्यसभा सांसद डा. सिकंदर ने कहा कि सभी से बात करके मेयर व डिप्टी मेयर के नामों पर सहमति बनी है। उम्मीद है कि नव निर्वाचित मेयर सुमन ठाकुर और डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा निगम को आगे ले जाएंगे। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, पूर्ण चंद ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी, नवनिर्वाचित मेयर सुमन ठाकुर, डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा, जिला अध्यक्ष निहाल चंद व अन्य पार्टी कार्यकर्ता मोजूद रहे।
---------------

