मंडी में नगर निगम की हार के कारणों पर मंथन करेगी कांग्रेस
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
मंडी, 04 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष चेतराम ठाकुर ने बताया कि हाल ही में हुए नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस की शर्मनाक हार को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से बात कर मंथन किया जाएगा। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए चेतराम ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में पार्टी उम्मीदवारों की हार को लेकर कार्यकर्ताओं से बात कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि मंडी के गांधी भवन में आगामी छह जून को कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जाएगी। जिसमें हर वार्ड से कार्यकर्ता आकर कमेटी के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे। मंडी नगर निगम में हुई हार के कारणों को लेकर हर कार्यकर्ता के विचार को सुना जाएगा। उन्होंने कहा कि नेताओं से बात करने के बजाय सीधे कार्यकार्यकर्ताओं से बात की जाएगी। जिससे असलीयत निकलकर बाहर आएगी। इसके पश्चात एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट तैयार कर पार्टी अध्यक्ष को सौंपी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के चुनाव तो हो गए लेकिन आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर भी मौजूद रही । उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पार्टी के संगठन को खड़ा कर कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए तैयार किया जाएगा।
---------------

