जालंधर में धर्म परिवर्तन का आरोप:दो गुटों आमने-सामने, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को किया काबू

जालंधर के मिट्ठू बस्ती इलाके में उस समय भारी हंगामा हो गया, जब स्थानीय लोगों ने एक सिख परिवार पर ईसाई समुदाय के संपर्क में आकर जबरन और लालच देकर धर्म परिवर्तन करवाने का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तनाव का माहौल बन गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जालंधर के मिट्ठू बस्ती के अंतर्गत आते गुरु अर्जुन नगर में धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर माहौल पूरी तरह गरमा गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यहां एक घर में गढ़शंकर से आई ईसाई समुदाय की महिलाओं द्वारा गरीब लोगों को पैसों का लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था। विरोध कर रहे स्थानीय निवासी लक्की ने आरोप लगाया कि इलाके के एक गरीब सिख परिवार को पहले ही बहला-फुसलाकर ईसाई समुदाय में शामिल किया जा चुका है। अब उसी घर में तीन दिवसीय कार्यक्रम रखकर अन्य लोगों को भी निशाना बनाया जा रहा था। जब लोगों ने इसका विरोध किया, तो घर के अंदर मौजूद महिलाएं उन्हें धर्म का ज्ञान देने लगीं। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए इस घटना के बाद इलाके में तनाव इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष द्वारा ईसाई समुदाय के पक्ष में नारे लगाए जाने लगे, तो दूसरी तरफ सिख समुदाय के लोगों ने अपने गुरुओं के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। दूसरी ओर, जिस घर में कार्यक्रम चल रहा था, उसके मालिक अवतार सिंह ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। अवतार सिंह का कहना है कि उनके घर में केवल सामान्य प्रार्थना (पाठ-पूजा) चल रही थी। उन्होंने ₹5 लाख का लालच देने के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। कोई भी व्यक्ति साबित करे कि धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया अवतार सिंह ने चुनौती देते हुए कहा कि मोहल्ले का कोई भी एक व्यक्ति सामने आकर यह साबित करे कि उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया है। उन्होंने उल्टा आरोप लगाया कि जबरन उनके घर में घुसकर माहौल खराब किया गया और वहां मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट भी की गई। वहीं, शिकायतकर्ता लक्की का कहना है कि वे जल्द ही पुलिस और मीडिया के सामने उन गवाहों को पेश करेंगे, जिन्हें धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया था। साथ ही उन लोगों को भी सामने लाया जाएगा जो पहले धर्म परिवर्तन कर चुके थे और अब वापस अपने मूल धर्म में लौट आए हैं। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को शांत करवाया घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को शांत करवाया और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के लिए उन्हें थाने ले गई है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर