जंगली फल के बीज खाने से 14 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मचा हड़कंप

सुपौल, 19 जून (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत हृदयनगर पंचायत के वार्ड संख्या-05 में ग जंगली फल (बरगंडी) के बीज खाने से 14 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और सभी बच्चों को तत्काल वीरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, बच्चे खेलते समय बरगंडी फल के बीज खा रहे थे। कुछ ही देर बाद उन्हें पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी। बच्चों की हालत बिगड़ती देख परिजन घबरा गए और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने से अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की और चिकित्सकों की टीम ने बच्चों का इलाज शुरू कर दिया। इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. एस. रहमान ने बताया कि शाम करीब सात बजे कई बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल लाया गया था।

जांच के दौरान पता चला कि बच्चों ने खेल-खेल में बरगंडी फल के बीज अधिक मात्रा में खा लिए थे, जिसके कारण उनकी तबीयत खराब हुई।डॉ. रहमान ने बताया कि सभी बच्चों को आवश्यक उपचार दिया गया। समय पर इलाज मिलने से उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और अब सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य पूरी तरह सामान्य होने के बाद बच्चों को घर भेज दिया जाएगा। बीमार पड़े सभी बच्चों की उम्र 10 वर्ष से कम बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कई जंगली फल और उनके बीज स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। आकर्षक दिखने के कारण बच्चे अक्सर इन्हें खा लेते हैं, जिससे विषाक्तता और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

विशेषज्ञों ने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और उन्हें अज्ञात फलों एवं बीजों के सेवन से बचाने की सलाह दी है। समय पर अस्पताल पहुंचाने और चिकित्सकों की तत्परता से इस मामले में बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

   

सम्बंधित खबर