महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना, आपदा प्रबंधन का अलर्ट जारी
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
मुंबई, 02 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र में भारी बारिश हो रही है। इस बीच राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने भारी बारिश होने का अनुमान लगाते हुए नागरिकों से अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की अपील की है। आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि राज्य के कुछ जिलों में बारिश और बढ़ने की संभावना है। एसे में सभी जिलों में इमरजेंसी सिस्टम को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। नागरिकों से सावधानी बरतने का आव्हान किया गया है।
आपदा प्रबंधन मंत्री महाजन ने गुरुवार को मंत्रालय के स्टेट इमरजेंसी कंट्रोल रूम का दौरा किया और उसका निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने सरकारी सिस्टम को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। महाजन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से राज्य में बारिश बढ़ गई है। कई जगहों पर नदियां और नाले उफान पर हैं। इस साल के मानसून में संभावित आपदा स्थितियों से निपटने के लिए राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग और सभी जिलों में इमरजेंसी सिस्टम को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। डिज़ास्टर कंट्रोल रूम 24 घंटे चालू कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने 3 और 5 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में, नागरिकों को ज़रूरी काम के अलावा अपने घरों से बाहर निकलने से बचना चाहिए और प्रशासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। हर नागरिक के लिए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ज़रूरी सावधानी बरतना भी उतना ही जरूरी है।
मंत्री महाजन ने बताया कि बारिश के कारण मुंबई के कुछ हिस्सों में पानी भरने की घटनाएं हुईं। हालांकि संबंधित एजेंसियों द्वारा की गई तुरंत कार्रवाई के कारण, स्थिति फिलहाल कंट्रोल में है। अधिकांश जगहों पर जनजीवन सामान्य हो गया है। मुंबई मनपा और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में रहकर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ट्रैफिक मैनेजमेंट को आसान बनाने के लिए मुंबई मनपा प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थितियों में संपर्क के लिए राज्य आपदा कंट्रोल रूम का 24×7 हेल्पलाइन नंबर शुरू है। इसके लिए 1070, 09321587143, 022-22027990, 022-22794229 है। जिला स्तर पर संपर्क नंबर 1077 है। इस मौके पर विभाग की प्रधान सचिव विनीता सिंघल, निदेशक डॉ. भालचंद्र चव्हाण मौजूद थे।
---------------

