पूर्व विधायक प्रदीप सरकार ने दिया इस्तीफा, बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 17 जून (हि. स.)। खड़गपुर से पूर्व तृणमूल विधायक प्रदीप सरकार ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस फैसले के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदीप सरकार ने बुधवार को पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य को पत्र भेजकर संगठन से मुक्त करने का अनुरोध किया। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने इस्तीफे में निजी कारणों का उल्लेख किया है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में खड़गपुर सदर सीट से तृणमूल कांग्रेस ने प्रदीप सरकार को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें दिलीप घोष के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। इससे पहले वह खड़गपुर नगरपालिका के चेयरमैन पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं और जिले की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा माने जाते रहे हैं।
जिला स्तर पर पार्टी के महासचिव पद के बाद अब सीधे पार्टी छोड़ने के उनके निर्णय ने कई राजनीतिक अटकलों को जन्म दे दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके इस कदम से खड़गपुर की राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है।
हालांकि, इस्तीफे के बाद वह किस राजनीतिक दल में शामिल होंगे, इस पर उन्होंने अभी कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। उन्होंने केवल इतना कहा कि मैं किस दल में जाऊंगा, यह समय बताएगा।
---------------

