राष्ट्रपति ने किया भारतीय कला महोत्सव का उद्घाटन, 6 अक्टूबर तक जनता के लिए खुला रहेगा

नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को सिकंदराबाद (तेलंगाना) के राष्ट्रपति निलयम में भारतीय कला महोत्सव के पहले संस्करण का उद्घाटन किया। यह महोत्सव 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।

आठ दिवसीय इस महोत्सव का आयोजन राष्ट्रपति निलयम द्वारा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। इस महोत्सव का उद्देश्य आगंतुकों के समक्ष अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के पूर्वोत्तर राज्यों की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करना है।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और बढ़ावा देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पूर्वोत्तर राज्यों की सांस्कृतिक विविधता, उनके लोक नृत्य, संगीत, कला और पारंपरिक परिधान हमारे देश की विरासत हैं। यह महोत्सव नागरिकों को क्षेत्र की परंपराओं और समुदायों से अधिक परिचित कराने का एक प्रयास है।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह महोत्सव सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का भी एक अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह महोत्सव हमारे देश के पूर्वोत्तर और दक्षिणी हिस्सों के बीच एक सेतु का काम करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यह महोत्सव पूर्वोत्तर के कारीगरों, कलाकारों और समुदायों को उनकी परंपराओं और प्रतिभाओं को आगे लाकर सशक्त बनाने में मदद करेगा।

तेलंगाना के राज्यपाल और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री के अलावा सभी आठ पूर्वोत्तर राज्यों के राज्यपाल और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री उद्घाटन समारोह में उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

   

सम्बंधित खबर