(अपडेट) असम: विद्यालय में गोमांस सेवन और हिंदू छात्रों पर दबाव के आरोपों की जांच शुरू
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
ग्वालपाड़ा (असम), 06 जून (हि.स.)। असम के ग्वालपाड़ा जिले के कृष्णाई स्थित हाबराघाट उच्च माध्यमिक विद्यालय में कथित रूप से गोमांस सेवन और दो हिंदू छात्रों पर उसे खाने का दबाव बनाने के आरोपों के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले को लेकर स्थानीय पुलिस थाने में एक प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा चुकी है।
मीडिया में खबर प्रसारित होने के तुरंत बाद ग्वालपाड़ा के जिला आयुक्त प्रदीप तिमुंग और पुलिस अधीक्षक विद्यालय पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और संबंधित सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
आरोप है कि टिफिन अवधि के दौरान विद्यालय की एक कक्षा में नौवीं कक्षा के पांच छात्रों ने गोमांस का सेवन किया। साथ ही दो हिंदू छात्रों पर भी उक्त मांस खाने के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया गया। घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
इस बीच आयुक्त प्रदीप तिमुंग कल्याणपुर हाईस्कूल भी पहुंचे, जहां उन्होंने चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी सुबल राभा से मुलाकात कर एक अन्य विवादित घटना की जानकारी ली। सुबल राभा ने प्रशासन को बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उन्हें कथित रूप से बंद कमरे में कान पकड़कर दंडित किया था।
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निम्न श्रेणी सहायक प्रियमज्योति बोरा तथा शिक्षिका स्नेहलता कलिता के विरुद्ध भी आरोप लगाए गए हैं। प्रशासन ने इन आरोपों की भी जांच करने का आश्वासन दिया है।
-----------

