रेवाड़ीः पत्नी की हत्या कर शव बाइक पर ले जाकर झाड़ियों में फेंका, पति गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
रेवाड़ी पुलिस ने आरोपी कंवरपाल को दबोचा, पूछताछ में कबूला जुर्म, नशे को लेकर होता था विवाद
रेवाड़ी, 03 जून (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के गांव धवाना की बणी में झाड़ियों से महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बुधवार को उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पत्नी की हत्या के बाद शव को बाइक पर ले जाकर जंगल में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 26 वर्षीय ज्योति कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के गांव कुमीडीया की रहने वाली थी। वह वर्तमान में अपने पति कंवरपाल के साथ रेवाड़ी के गांव मंदोला में रह रही थी। दोनों की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उनका एक चार वर्षीय बेटा भी है। मृतका के पिता राम आधार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कंवरपाल नशा करने का आदी था और अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। 30 मई को उन्होंने बेटी को फोन कियाए लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। अगले दिन भी संपर्क नहीं हो पाया और बाद में मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उन्होंने थाना खोल पुलिस को शिकायत दी। जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें 31 मई को झाड़ियों में मिले एक महिला के शव की जानकारी दी, जिसकी पहचान ज्योति कुमारी के रूप में हुई। पिता ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
थाना खोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी कंवरपाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि 30 मई को शराब पीकर घर लौटने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। झगड़ा बढ़ने पर उसने ज्योति की बेरहमी से पिटाई की और गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बाथरूम में छिपा दिया और घर पर ताला लगाकर चला गया। अगले दिन तड़के उसने शव को चटाई में लपेटा, बाइक पर लादा और गांव धवाना की बणी में झाड़ियों के बीच फेंककर फरार हो गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
---------------

