सेमरा-बी में निस्तारी की समस्या, खारून नदी से पानी देने की मांग
- Admin Admin
- Apr 08, 2025

धमतरी, 8 अप्रैल (हि.स.)।भखारा तहसील के ग्राम पंचायत सेमरा-बी के पंचायत प्रतिनिधि निस्तारी पानी की समस्या लेकर आठ अप्रैल को कलेक्ट्रेट पहुंचे। गर्मी के मौसम में हो रही परेशानी को देखते हुए ग्रामीणों ने खारून नदी से पानी देने की मांग की है।
सरपंच दुर्गा सिन्हा, गिरवर कुमार, राजेश्वरी देवांगन, चंद्रकला सिन्हा, नागेश्वरी, पूर्णिमा निषाद, भारती सिन्हा, ईश्वर साहू, राजेश सिन्हा, जोहन राम साहू, नंदू लाल आदि पंचायत प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि सेमरा-बी घनी आबादी वाला गांव है, जो खारून नदी के तट पर बसा है। इस गर्मी में खारुन नदी पूरी तरह सूख चुकी है। इससे ग्रामीणों को निस्तारी की समस्या हो रही है। गांव के निस्तारी का मुख्य साधन खारून नदी है। नदी में पानी नहीं होने से गांव के बोर और हैंडपंप का जल स्तर भी गिर चुका है। इससे पेयजल समस्या भी हो रही है। पंचायत प्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि खारून नदी से अतिशीघ्र पानी देने की गुहार लगाई है, ताकि खारून नदी भरने से निस्तारी की समस्या दूर होगी। वहीं नदी में पानी भरने के बाद गांव के भूजलस्तर में सुधार आएगा। एक साथ ग्रामीणों की दो समस्याओं का हल निकल जाएगा। कलेक्ट्रेट में अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के हल निकालने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा