किसान समृद्ध होगा तभी भारत विकसित राष्ट्र बनेगा : कैलाश चौधरी
- DSS Admin
- May 17, 2026
बीकानेर, 17 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विजन है कि किसान समृद्ध और विकसित होगा तभी भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
भाजपा संभाग कार्यालय बीकानेर में आयोजित भाजपा किसान मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए रविवार को चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, प्राकृतिक खेती, सिंचाई योजनाओं और कृषि यंत्रीकरण जैसी अनेक योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अब कृषि को केवल पारंपरिक व्यवसाय नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक और नवाचार से जुड़े रोजगार एवं उद्यम के रूप में देखना होगा। कृषि क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और भाजपा सरकार किसानों को तकनीक, बाजार और संसाधनों से जोड़ने का कार्य कर रही है।
चौधरी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी किसान हितों को प्राथमिकता नहीं दी, जबकि भाजपा सरकार किसानों के सम्मान और आर्थिक मजबूती के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
किसान मोर्चा शहर अध्यक्ष चंद्रमोहन जोशी और देहात अध्यक्ष भंवरलाल जांगिड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा गांव-गांव जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन किसानों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि बैठक में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री ओपी यादव, जिला महामंत्री दलीप सिंह राजपुरोहित, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर चारण, प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाइवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुम्भाराम सिद्ध सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------

