बलरामपुर : पहलगाम आतंकी हमले को लेकर नगरवासियों में गहरा आक्रोश, वाड्रफनगर में पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन
- Admin Admin
- Apr 25, 2025

बलरामपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वाड्रफनगर नगर में बीते देर रात जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में लोगों के बीच आक्रोश देखने को मिला। इस हमले में निर्दोष की निर्मम हत्या ने सम्पूर्ण देश को झकझोर कर रख दिया है। नगरवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक पर एकजुट होकर पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान और आतंकवादी संगठनों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। आक्रोशित जनता ने आतंकियों का पुतला दहन किया। स्थानीय भाजपा नेताओं ने इसे एक कायरना हरकत बताते हुए केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान वाड्रफनगर नगर के सैकड़ों नागरिकों ने कैंडल मार्च निकालकर आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में नगर के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी, नगरपंचायत अध्यक्ष मानसिह गोपाल कश्यप, राजेन्द्र जायसवाल, जायसवाल, कुशवाहा, विश्वनाथ रामकुमार चंदन कुशवाहा, अब्दुल अंसारी, ओमप्रकाश कनोजिया, जब्बार खान, दिनेश कश्यप राजेश भारती सहीत युवाओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
लोगों ने बताया कि, इस एकजुटता ने यह संदेश दिया कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है और निर्दोष नागरिकों की हत्या को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन ने भी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पाण्डेय