बंगाल में शुरू होगी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की ‘जनता दरबार’ व्यवस्था
- DSS Admin
- May 15, 2026
कोलकाता, 15 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आम लोगों की समस्याएं सीधे सुनने के लिए ‘जनता दरबार’ शुरू करने का फैसला लिया है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सप्ताह में एक या दो दिन आम नागरिकों से मिलकर उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनेंगे।
बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। लोगों की शिकायतों के आधार पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
अक्सर सरकार तक आम लोगों की शिकायतें सीधे नहीं पहुंच पातीं। कई लोग मुख्यमंत्री से संपर्क करना चाहते हैं, लेकिन नियमों और प्रक्रियाओं के कारण यह हमेशा संभव नहीं हो पाता। कई बार भेजे गए पत्र भी सही जगह तक नहीं पहुंचते। इसी समस्या को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘जनता दरबार’ शुरू करने का निर्णय लिया है।
अनुमान है कि यह कार्यक्रम एक जून से शुरू किया जाएगा, जिससे राज्य के लोग सीधे मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं बता सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस तरह की व्यवस्था पहले से ही उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही है। मध्य प्रदेश में भी मुख्यमंत्री जनता की शिकायतें सीधे सुनते हैं। वहीं, ओडिशा में मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को ‘जनसुनानी’ कहा जाता है। अब इसी तरह की व्यवस्था पश्चिम बंगाल में भी शुरू होने जा रही है।
---------------

