हीटवेव से बचाव और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान

हीटवेव से बचाव और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान


जम्मू, 16 जून । देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भीषण गर्मी एवं लू (हीटवेव) से बचाव के लिए सतर्कता बरतने तथा मानवता एवं जीव-जंतुओं की सेवा के लिए आगे आने के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा वार्ड नंबर 59, पलौड़ा जम्मू में एक विशाल जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर आयुष विभाग जम्मू के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया जबकि सोशल फॉरेस्ट्री विभाग जम्मू के सहयोग से आयुर्वेदिक एवं औषधीय पौधों का वितरण किया गया। साथ ही गर्मी के मौसम में पक्षियों के संरक्षण और उनकी प्यास बुझाने के लिए नागरिकों को पानी एवं दाने रखने हेतु सकोरे भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव तथा विशिष्ट अतिथि एपी रूरल रविंदर सिंह थे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। अपने संबोधन में डॉ. देवांश यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ती गर्मी की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण, जल संरक्षण और पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सेवा और जागरूकता की भावना को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।

विशिष्ट अतिथि रविंदर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सेवा एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने निःशुल्क चिकित्सा शिविरों और औषधीय पौधों के वितरण को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलने के साथ-साथ आयुर्वेद के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

कार्यक्रम में श्रीमाता वैष्णो देवी के मुख्य पुजारी गोपाल शास्त्री, भाजपा युवा मोर्चा जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष अरुण प्रभात सिंह, पूर्व पार्षद कुलदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया, निःशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं तथा औषधीय पौधे और पक्षियों के लिए सकोरे लेकर इस जनहितकारी अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रभावी संदेश प्रसारित किया गया।

   

सम्बंधित खबर