भदरवाह-पठानकोट अंतरराज्यीय राजमार्ग पर एक कार फिसलकर हलून नदी में गिरी, पंजाब के चार पर्यटक घायल
- DSS Admin
- Jun 05, 2026
जम्मू, 05 जून (हि.स.)। शुक्रवार को डोडा जिले में भदरवाह-पठानकोट अंतरराज्यीय राजमार्ग पर एक कार के फिसलकर हलून नदी में लगभग 100 फीट नीचे गिरने से पंजाब के चार पर्यटक घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि पर्यटक एक किआ सोनेट कार में यात्रा कर रहे थे कि तभी भदरवाह कस्बे से लगभग 11 किलोमीटर दूर यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से उतर गई और लगभग 100 फीट नीचे नदी में गिर गई।
पुलिस ने बताया कि पुलिस पर्यटकों के यात्रा के उद्देश्य और मार्ग की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि थंथेरा, गुलदांडा और चटरगल्ला सहित कई लोकप्रिय पर्यटन स्थल इस राजमार्ग पर स्थित हैं जो पंजाब से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण सड़क मार्ग भी है। प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद अशरफ जो सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में काम करने वाला एक मजदूर हैं के अनुसार वाहन अचानक पहाड़ी से लुढ़क कर हलून नदी के तेज बहते पानी में जा गिरा।
अशरफ ने बताया हमने एक मिनट भी बर्बाद नहीं किया और नदी की ओर दौड़े। हमने तुरंत वाहन में फंसे चारों यात्रियों को बर्फीले ठंडे पानी से बाहर निकाला। उस ने बताया कि बीआरओ कर्मियों को तुरंत सूचित किया गया और पास के नलथी कैंप से एक एम्बुलेंस मौके पर भेजी गई। घायल पर्यटकों को भदरवाह के उप-जिला अस्पताल (एसडीएच) में भर्ती कराया गया।
भदरवाह की ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. वर्षा शर्मा ने बताया कि चारों घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
घायलों में अश्वनी कुमार (48) पुत्र गोविंदर शर्मा, नवनीत शर्मा (46) पुत्र जगदीश चंद्र, अजय कुमार (47) पुत्र राजिंदर सिंह, अमरजीत सिंह (56) पुत्र साई दास शामिल हैं। सभी पंजाब के पठानकोट निवासी हैं। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
---------------

