शहीदी दिवस के रूप में मनाई राजीव गांधी की पुण्यतिथि, राष्ट्रीय एकता की ली शपथ
- DSS Admin
- May 21, 2026
शिमला, 21 मई (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर वीरवार को शिमला में शहीदी दिवस और सद्भावना दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। छोटा शिमला स्थित सद्भावना चौक में नगर निगम शिमला की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मंत्रियों, कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता, अहिंसा और सहनशीलता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और भजनों के माध्यम से भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में देश के लिए बलिदान देने की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले और बाद में भी कई नेताओं ने देशहित में अपने प्राण न्योछावर किए और दो प्रधानमंत्रियों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के सद्भावना, विकास और आधुनिक भारत के विचारों को देश हमेशा याद रखेगा। उनके दूरदर्शी फैसले आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का बलिदान आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संदेश देता है। इसी वजह से हर साल उनकी पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ ली जाती है।
गौरतलब है कि 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में चुनावी रैली के दौरान एक आत्मघाती हमले में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। उनकी पुण्यतिथि को देशभर में शहीदी दिवस और सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है।
---------------

