नारियल फोड़ व पूजन-अर्चन कर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण
- DSS Admin
- Jul 02, 2026

गोरखपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। महायोगी बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य स्वागत एवं अभिनन्दन समारोह के उपरान्त भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय रानीडीहा स्थित पार्टी कार्यालय पहुँचे, जहाँ पारंपरिक विधि-विधान और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पार्टी कार्यालय परिसर में पहुँचते ही उन्होंने मुख्य द्वार पर नारियल फोड़कर शुभारम्भ किया और भगवान गणेश जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद विनोद राय प्रथम तल पर स्थित क्षेत्रीय अध्यक्ष के कक्ष में पहुँचे, जहाँ निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पूजन-अर्चन सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और आरती के बीच सम्पन्न इस कार्यक्रम ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक और उत्सवी रंग में रंग दिया। आरती के उपरान्त निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय को पटका और माला पहनाकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
इसके पश्चात विनोद राय को क्षेत्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के समर्थन में लगाए गए उद्घोषों से पूरा क्षेत्रीय कार्यालय गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों की थाप, पटाखों की गूंज और कार्यकर्ताओं के जोशीले नारों ने माहौल को अत्यंत उत्साहपूर्ण और उल्लासमय बना दिया।
समारोह के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में स्थित जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने भी नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और गर्मजोशी भरे अभिनन्दन के साथ नये क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
कार्यक्रम में संगठनात्मक एकता, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह रहा और सभी ने नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
---------------

