पिंक पेट्रोल की सतर्कता से दाे वर्षीय मासूम परिजनों से मिला, परिवार ने जताया आभार

रायपुर, 5 जुलाई (हि. स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट ने अपनी सतर्कता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए भटके हुए 2 वर्षीय मासूम बच्चे को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया।

बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने रायपुर पुलिस और पिंक पेट्रोल टीम का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए संचालित पिंक पेट्रोल यूनिट 4 जुलाई 2026 को उत्तर जोन के थाना गुढ़ियारी क्षेत्र अंतर्गत कर्मा चौक में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर कर्मा चौक के पास रोते हुए एक करीब 2 वर्षीय मासूम बच्चे पर पड़ी, जो अकेला था। कम उम्र होने के कारण बच्चा अपना नाम और परिजनों की जानकारी नहीं बता पा रहा था।

पिंक पेट्रोल टीम ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की और उसके परिजनों की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद बच्चे के चाचा रोहन ध्रुव का पता चला, जिन्हें मौके पर बुलाकर बच्चे की पहचान कराई गई। इसके बाद बच्चे के माता-पिता पूजा ध्रुव एवं हीराधार ध्रुव को सूचना देकर बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद मासूम को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और पिंक पेट्रोल यूनिट की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और सतर्कता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि, पिंक पेट्रोल यूनिट महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा और सहायता के लिए लगातार सक्रिय है तथा किसी भी आपात स्थिति में आमजन इसकी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर