जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक कर दिये निर्देश
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
-खण्ड शिक्षा अधिकारी करछना व कोरांव को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश
-विद्यालयों में विद्युत संयोजन की कार्यवाही पूर्ण न होने पर जताई नाराजगी
-कोई भी बच्चा विद्यालय जाने से न रहेे वंचित: जिलाधिकारीप्रयागराज, 27 जून (हि.स)। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को संगम सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें जिलाधिकारी ने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने खण्ड शिक्षा अधिकारी करछना व कोरांव के द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने व बैठक में अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा पैसा जमा करने बावजूद भी 26 विद्यालयों में भवनों के ऊपर से हाइटेंशन तार का अभी तक शिफ्ट करने का कार्य नहीं कराया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी एवं चेतावनी देते हुए संबंधित अधिशासी अभियंताओं को हाईटेंशन तार के शिफ्ट करने की कार्यवाही को शीघ्रता से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि किसी भी प्रकार की घटना घटित होती है, तो संबंधित अधिशासी अभियंता की पूर्ण जिम्मेदारी होगी और उनके विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया जायेगा। इसी तरह शिक्षा विभाग द्वारा पैसा जमा करने के बावजूद भी 218 विद्यालयों में विद्युत संयोजन का कार्य अभी तक नहीं कराने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंताओं को चेतावनी देते हुए विद्यालयों में विद्युत संयोजन के कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराने का निर्देश दिया है।जिलाधिकारी ने 01 से 15 जुलाई तक चलने वाले दूसरे स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से छूटने न पाये। उन्होंने कहा कि कक्षा-5 एवं कक्षा-8 पास होने वाले विद्यार्थियों का क्रमशः कक्षा-6 एवं कक्षा-9 में अनिवार्य रूप से नामांकन सुनिश्चित कराया जाये। नामांकन की कार्यवाही पोर्टल एप पर अपडेट भी होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय करछना तथा अन्य निर्माणाधीन विद्यालयों के कार्यों के प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था यूपीसिडको को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय में निर्माण कार्य को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिन विद्यालयों में कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए सभी 19 पैरामीटरों के संतृप्तीकरण किए जाने के निर्देश दिए। ब्लाॅकवार पैरामीटरों के संतृप्तीकरण की समीक्षा करते हुए सभी विद्यालयों में फर्नीचर, विद्युतीकरण, दिव्यांग शौचालय, बाउंड्रीवॉल सहित सभी कार्यों को पूर्ण कराये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के साथ-साथ विद्यालयों में छायादार पौधे लगाने के भी निर्देश दिए हैं।उन्होंने निपुण भारत मिशन के अन्तर्गत निपुण प्लस एप पर फीडिंग कम पाये जाने वाले सम्बंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों एवं शैक्षिक नवाचारों से जोड़ते हुए शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला पंचायत राज्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

