आधी रात घर में लगी आग से नकदी और गृहस्थी का सारा सामान जल कर खाक

मीरजापुर, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव में बुधवार की देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खपरैल के मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। संयोग अच्छा रहा कि घर के भीतर दो बच्चों के साथ सो रही महिला की समय रहते नींद खुल गई, जिससे उसकी और बच्चों की जान बच गई। हालांकि आग में नकदी समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।

लहुरियादह गांव निवासी पन्नालाल धरकार के खपरैल मकान में बुधवार की रात करीब एक बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना के समय पन्नालाल की पत्नी सोनू देवी अपने दो बच्चों के साथ घर के अंदर सो रही थीं। अचानक आग की लपटें उठने और गर्मी महसूस होने पर उनकी नींद खुली। आंख खुलते ही उन्होंने देखा कि पूरा घर धू-धू कर जल रहा है।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सोनू देवी ने साहस दिखाया और सबसे पहले दोनों बच्चों को सुरक्षित घर से बाहर निकाला। इसके बाद वह शोर मचाकर ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाने लगीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण डिब्बा और बाल्टी में पानी लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड कर्मी सोहनलाल, वेद प्रकाश, राजेश कुमार और सुभाष कुमार ने राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि आग बुझने तक घर के भीतर रखा करीब एक लाख रुपये नकद, खाद्य सामग्री, सोने-चांदी के आभूषण, कूलर, मोबाइल फोन, चारपाई, कपड़े और अन्य गृहस्थी का सामान जलकर राख हो चुका था।

पीड़िता सोनू देवी ने बताया कि उनके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। मकान की छत बनवाने के लिए उन्होंने एक लाख रुपये भेजे थे, जिन्हें अटैची में सुरक्षित रखा गया था, लेकिन आग की चपेट में आने से पूरी रकम जल गई। घटना की सूचना पर ड्रमंडगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़िता ने तहसील प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है। गांव के लोगों का कहना है कि यदि महिला की समय पर नींद न खुलती तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।

---------------

   

सम्बंधित खबर