प्रदेश में 14 शहरों में झमाझम बारिश, 11 जुलाई से बारिश में कमी के आसार
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
जयपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के साथ बारिश का दायरा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को राजस्थान के 14 शहरों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। चित्तौड़गढ़, भरतपुर और करौली में तीन इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गईं तथा स्कूलों, दुकानों और मकानों में पानी भर गया। मौसम विभाग ने 11 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश के चलते अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जैसलमेर और श्रीगंगानगर को छोड़कर सभी शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई शहरों के तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
अलवर, चित्तौड़गढ़, डबोक, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, भरतपुर, चूरू, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, करौली, सीकर, टोंक और कोटा सहित कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। अलवर में मूसलाधार बारिश से बाजारों की सड़कें जलमग्न हो गईं। जिला अस्पताल परिसर और तूलेड़ा के राजकीय विद्यालय में भी पानी भर गया। भरतपुर जिले के नदबई में लगातार बारिश से रेलवे स्टेशन रोड सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि बयाना क्षेत्र के इमलिया कुंड और शेरगढ़ की पहाड़ियों पर झरने बहने लगे। मंगलवार को भी पाली, डूंगरपुर, अजमेर, बांसवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़ और नागौर सहित कई जिलों में एक से चार इंच तक वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के पूर्वी हिस्से में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 96 मिमी वर्षा कोटा जिले के रामगंजमंडी में रिकॉर्ड की गई।
उन्होंने बताया कि दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क लो-प्रेशर क्षेत्र उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और आसपास के उत्तर प्रदेश क्षेत्र में सक्रिय है। इसके प्रभाव से आगामी दो से तीन दिन तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। नौ जुलाई को कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी तथा कहीं-कहीं अति भारी बारिश की संभावना है। 10 जुलाई को भरतपुर संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। 11 जुलाई से अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश भागों में वर्षा में कमी रहेगी। केवल उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है, जबकि शेष प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

