कोरबा के पाड़ीमार वार्ड में 25 लाख की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य शुरू, उद्योग मंत्री ने किया भूमिपूजन
- DSS Admin
- Jun 22, 2026

कोरबा, 22 जून (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज सोमवार को बालको जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 40 पाड़ीमार वार्ड में 25 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजूदेवी राजपूत ने विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री और महापौर ने पूजा-अर्चना कर शिलालेख पट्टिका का अनावरण किया तथा नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।
नगर निगम कोरबा के अधिकारियों के अनुसार वार्ड क्रमांक 40 पाड़ीमार क्रमांक-1 में राजेश ठाकुर के घर से बरगद चौक होते हुए इंदिरा मार्केट मुख्य मार्ग तक सड़क डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्र के नागरिक बेहतर सड़क की मांग कर रहे थे, जिसे देखते हुए निगम प्रशासन द्वारा यह कार्य स्वीकृत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों के दौरान नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न मदों के अंतर्गत लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, कई पर कार्य जारी है और शेष परियोजनाओं का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य कराए जाने हैं। इनमें कई सड़कें बनकर तैयार हो चुकी हैं, जबकि अन्य कार्य डामर की उपलब्धता के अनुसार चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सहयोग से कोरबा नगर निगम क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, सत्येंद्र दुबे, रजत खुंटे, मंगलराम बांदे, चेतन सिंह मैत्री, चंदादेवी रत्नाकर, तरुण राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलेंद्र यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, नरेंद्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, मनोज सिंह, जय कुमार राठौर, प्रीति स्वर्णकार, रेणु प्रसाद, दीपक चंद्रा, लखन चंद्रा, हेमलता निर्मलकर, निगम के सहायक अभियंता मोतीलाल बरेठ, अंजूलता तिग्गा तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

