ऑटो रिक्शा में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

गाजियाबाद, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ मार्ग पर ऑटो में लिफ्ट देकर युवक को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले बदमाश के साथ पुलिस की आज मुठभेड़ हुई। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली बदमाश के पैर में लगी है। उसके कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल फोन, नकदी, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया हुआ है।

सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने बुधवार काे बताया कि पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से मेरठ की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल एक बदमाश अपने साथियों के साथ नवीपुर बंबा पेरिफेरल अंडरपास के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान नवीपुर की ओर से एक ऑटो रिक्शा आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ऑटो मोड़कर भागने लगा। कुछ दूरी पर ऑटो फंस गया। खुद को घिरा देखकर बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपित के पैर में लगी। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

एसीपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार बदमाश की पहचान दिल्ली के करावल नगर स्थित शिव विहार कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय करन पुत्र सूरजपाल के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा और 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में करन ने बताया कि उसने अपने साथी पुनित शर्मा, जतिन मित्तल और अनुराग गुप्ता के साथ मिलकर कुछ दिन पहले मेरठ मोड़ से एक युवक को ऑटो में बैठाया था। इसके बाद उससे दो मोबाइल फोन और 5600 रुपये लूट लिए थे। वारदात के बाद पीड़ित को दुहाई पेरिफेरल के आगे सुनसान स्थान पर छोड़ दिया गया था। आरोपित ने पुलिस को बताया कि लूटी गई रकम आपस में बांट ली गई थी। एक मोबाइल फोन उसके साथी को दे दिया गया था, जबकि दूसरा मोबाइल उसने अपने पास रख लिया था। बरामद मोबाइल फोन और नकदी उसी लूट की घटना से संबंधित हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर