विश्व योगासन प्रतियोगिता में मीरजापुर के योग गुरु ज्वाला सिंह और अश्विनी पाण्डेय को मिली अहम जिम्मेदारी

योग गुरु अश्विनी कुमार पाण्डेय

मीरजापुर, 01 जून (हि.स.)। देश में पहली बार आयोजित होने जा रही विश्व योगासन प्रतियोगिता में मीरजापुर जनपद का नाम भी गौरव के साथ जुड़ गया है। वर्ल्ड योगासना द्वारा 4 से 8 जून तक गुजरात के अहमदाबाद स्थित ईका एरिना स्टेडियम में आयोजित प्रथम विश्व योगासन प्रतियोगिता में दुनिया के 60 से अधिक देशों के हजारों योगासन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस भव्य अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत सहित विभिन्न देशों के तकनीकी अधिकारी, निर्णायक, प्रशिक्षक और विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता रहेगी। प्रतियोगिता में मीरजापुर के राष्ट्रीय योगासन जज एवं योग गुरु योगी ज्वाला सिंह तथा अश्विनी कुमार पाण्डेय का चयन लाइजनिंग डेवलपमेंट ऑफिसर (एलडीओ) के रूप में किया गया है।

दोनों अधिकारी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न देशों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं टीम अधिकारियों को प्रशिक्षण, समन्वय और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उनके चयन से जिले के योग प्रेमियों और खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है।

विश्व योगासन प्रतियोगिता में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, योग ऋषि स्वामी रामदेव तथा केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया सहित देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इन गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेगी और योगासन खेल को वैश्विक स्तर पर नई पहचान प्रदान करेगी।

इस अवसर पर वर्ल्ड योगासना एवं योगासना भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। डॉ. जयदीप आर्य तथा उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव रोहित कौशिक ने साेमवार काे चयनित सभी एलडीओ को बधाई देते हुए उनके सफल दायित्व निर्वहन की शुभकामनाएं दी हैं।

मीरजापुर के दोनों योग अधिकारियों के इस चयन को जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे जनपद की योग प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर