एनएच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सडक हादसे मे सिविक वोलेंटियर की मौत
- DSS Admin
- May 18, 2026
कोलकाता, 18 मई (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा पर स्थित कुल्टी थाना क्षेत्र के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के डुबुर्डीही चेकपोस्ट पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कुल्टी ट्रैफिक गार्ड के सिविक वॉलंटियर रमेन साहा (40) की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार रात रमेन साहा डुबुर्डीही चेकपोस्ट पर ट्रैफिक सिग्नल की ड्यूटी पर तैनात थे। उसी दौरान झारखंड की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वैन ने नियंत्रण खो दिया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह मौके पर ही सड़क पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मी और सिविक वॉलंटियर्स ने गंभीर रूप से घायल रमेन साहा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
---------------

