संघ के शताब्दी वर्ष और बंगाल में भाजपा की जीत पर ‘विजय मिलन उत्सव’ आयोजित
- DSS Admin
- May 17, 2026
हुगली, 17 मई (हि. स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की साधना के सौ वर्ष पूर्ण होने और पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड चुनावी जीत के मौके पर रविवार को रिषड़ा सेवक संघ परिसर में ‘विजय मिलन उत्सव’ का आयोजन किया गया।
रिषड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 11 स्थित भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में संघ और भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में संघ के विभाग प्रचारक नयन माझी, रिषड़ा नगर संघचालक दिनेश पेड़िवाल, नगर कार्यवाह अशोक सिंह, श्रीरामपुर के विधायक भास्कर भट्टाचार्य, उत्तरपाड़ा के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती, चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा, रिषड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 11 की पार्षद शशि सिंह झा और वार्ड नंबर 10 के पार्षद मनोज सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने समाज निर्माण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को याद करते हुए कहा कि संघ ने राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद संघ की जिम्मेदारियां और अधिक बढ़ गई हैं। समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की विचारधारा और सेवा कार्यों को पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक रतन अग्रवाल ने कहा कि सनातन धर्म की विजय और कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
---------------

