रुद्रेश्वर कारिडोर को मिलेगी रफ्तार, धमतरी बनेगा धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र : नीलू शर्मा

धमतरी, 01 जुलाई (हि.स.)। धमतरी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाली रुद्रेश्वर कारिडोर परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ने की ओर है। प्रकृति, आस्था और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के समन्वय से विकसित किए जा रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ धमतरी को छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में स्थापित करना है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने बुधवार काे रुद्रेश्वर कॉरिडोर का स्थल निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कॉरिडोर की विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, भव्य प्रवेश द्वार, परिक्रमा पथ, घाटों का विकास, नदी तट का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, पार्किंग, उद्यान विकास, बैठने की व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, श्रद्धालुओं के विश्राम स्थल तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक कार्य किए जाएंगे।

कार्ययोजना की सराहना करते हुए नीलू शर्मा ने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि रुद्रेश्वर कॉरिडोर के विकसित होने से धमतरी धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख पहचान बनाएगा। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, पर्यटन आधारित गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और जिले की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। निरीक्षण की शुरुआत में नीलू शर्मा ने ऐतिहासिक रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर रंजना साहू, प्रकाश बैस, महेंद्र पंडित, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के संचालक विवेक आचार्य, डीएफओ कृष्ण जाधव, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पर्यटन समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर