रूस का यूक्रेन की क्रूज़ मिसाइलों समेत 500 से ज़्यादा टारगेट को मार गिराने का दावा
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
मॉस्को, 05 जुलाई (हि.स.)। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने यूक्रेन की ओर से किए गए बड़े पैमाने के लॉन्ग-रेंज ड्रोन और मिसाइल हमले को विफल कर दिया। मंत्रालय के अनुसार, रातभर चले अभियान के दौरान रूसी एंटी-एयरक्राफ्ट डिफेंस सिस्टम ने 500 से अधिक हवाई लक्ष्यों को मार गिराया।
रूस की अंतरराष्ट्रीय सरकारी समाचार टेलीविजन नेटवर्क रूस टुडे (आरटी) के अनुसार रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि नष्ट किए गए लक्ष्यों में मुख्य रूप से लंबी दूरी के कामिकाज़े ड्रोन शामिल थे। इसके अलावा 10 एफपी-5 फ्लेमिंगो क्रूज़ मिसाइलों और अमेरिकी निर्मित हिमार्स प्रणाली से दागे गए कम-से-कम नौ हथियारों को भी हवा में ही नष्ट कर दिया गया।
रूस ने इस हमले को यूक्रेन की नाकाम कोशिश बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य इस सप्ताह की शुरुआत में रूस द्वारा किए गए बड़े हमलों और उत्तर-पश्चिमी डोनबास के प्रमुख शहर कॉन्स्टेंटिनोव्का पर रूसी नियंत्रण की खबरों से ध्यान हटाना था।
रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, कई सप्ताह तक चली भीषण लड़ाई के बाद शुक्रवार को कॉन्स्टेंटिनोव्का पर कब्ज़ा कर लिया गया। यह शहर स्लाव्यांस्क–क्रैमाटोर्स्क क्षेत्र के दक्षिणी हिस्से में स्थित एक रणनीतिक केंद्र माना जाता है। रूस का दावा है कि यह इलाका यूक्रेनी सेना के प्रमुख रक्षा गढ़ों में से एक था।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि गुरुवार रात रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए लंबी दूरी के हमलों का मुख्य निशाना राजधानी कीव था। इन हमलों में मिसाइल और ड्रोन निर्माण संयंत्रों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली से जुड़ी इकाइयों, रक्षा उद्योग के लिए उपकरण बनाने वाली फैक्ट्रियों, एक बड़े ईंधन भंडार और गैस अवसंरचना को निशाना बनाया गया।
रूस के अनुसार, जून महीने में उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने देश की ओर आने वाले करीब 13,000 हवाई लक्ष्यों को नष्ट किया। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि इन हमलों के लिए इस्तेमाल किए गए हथियारों के निर्माण और संचालन में ब्रिटेन सहित कई यूरोपीय देशों के सैन्य विशेषज्ञों और यूक्रेन के अन्य पश्चिमी सहयोगियों की भूमिका रही।
रक्षा मंत्रालय ने चेतावनी दी कि यदि यूक्रेन की ओर से रूसी नागरिकों को निशाना बनाने की कोई और कोशिश की गई तो रूस की ओर से उचित और कड़ा जवाब दिया जाएगा।---------------

