रेवाड़ी धमाके की जांच में जुटी पुलिस,नहीं मिला कोई सुराग

गली में बैठे पुलिस कर्मी व लोग।


पूर्व सैनिक के घर हुआ था विस्फोट, चार झुलसे, एक युवती की हालत गंभीर

रेवाड़ी, 06 जुलाई । शहर के हंस नगर स्थित एक मकान में रविवार शाम काे हुए धमाके के कारणों का सोमवार काे भी खुलासा नहीं हो सका। धमाके में पूर्व सैनिक, एक छोटी बच्ची और पड़ोसी समेत चार लोग झुलस गए थे। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इनमें एक युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अन्य जांच एजेंसियां लगातार मामले की पड़ताल में जुटी हैं। शुरुआती जांच में घर का गैस सिलेंडर और पाइपलाइन सुरक्षित मिले हैं, जिससे हादसे के पीछे गैस रिसाव की आशंका कमजोर पड़ गई है। घर में रखे सिलेंडर, बाइक, फ्रीज सब सुरक्षित हैं। धमाका क्यों हुआ और कैसे हुआ यह तो जांच के बाद ही पता चल सकता है। ऐसे में धमाके की वास्तविक वजह अब भी रहस्य बनी हुई है।

धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग भी विस्फोट के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

स्थानीय पार्षद देवेंद्र शर्मा ने बताया कि धमाके में झुलसे सभी लोग अभी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर