झज्जर रोड पर हुआ हादसा, फार्मेसी छात्र की मौके पर मौत, पुलिस ने जांच शुरू की
रेवाड़ी, 08 जुलाई (हि.स.)। शहर के झज्जर रोड पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय स्कूटी सवार छात्र की मौत हो गई। स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसके बाद युवक का सिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान शहर के मोहल्ला भजन का बाग निवासी मयंक सोनी के रूप में हुई है। वह श्री श्याम दीवाना मंडल के संरक्षक नवीन सोनी का बड़ा बेटा था। मयंक दो भाइयों में सबसे बड़ा था और गुरुग्राम स्थित एसजीटी विश्वविद्यालय से फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के अनुसार मयंक बुधवार सुबह अपनी स्कूटी से झज्जर रोड के रास्ते शहर की ओर आ रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश उसकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के साक्ष्य और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

