डायन बताकर लड़की को मंदिर ले गए, हाथ-पैर बांधकर गर्म सरिए से दागा

अजमेर, 7 जुलाई(हि.स.)। जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती को कथित रूप से 'डायन' बताकर कुछ लोग घर से उठाकर मंदिर ले गए, जहां उसके हाथ-पैर बांधकर मारपीट की गई और गर्म सरिए से दागा गया।

थानाधिकारी मांगलियावास हरीश चौधरी के अनुसार पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कुछ आरोपिताें को पूछताछ के लिए पकड़ा गया है। पुलिस अभी अनुसंधान कर रही है।

पुलिस थाना सूत्रों के अनुसार घटना 4 जुलाई की है। पीड़िता की मां ने 5 जुलाई की रात मांगलियावास थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह खेत पर घास लेने गई थीं और उनके पति काम पर गए हुए थे। घर में उनकी बेटियां अकेली थीं। शिकायत के अनुसार, घटना के समय आरोपित काली पत्नी करतार, रेखा पत्नी कैलाश, सीमा पत्नी मेवा, रमती पत्नी अन्ना, गीता पत्नी स्व. गोपाल, तथा सुखपाल उर्फ सूरज और महेंद्र पुत्र गोपाल पीड़िता के घर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग युवती को जबरन अपने साथ गांव के माताजी मंदिर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुखपाल उर्फ सूरज ने युवती के हाथ, पैर और माथे पर गर्म सरिए से दागा, जबकि अन्य आरोपिताें ने भी इस दौरान उसका साथ दिया। आरोपित उनकी बेटी को जबरन अपने साथ गांव के माताजी मंदिर ले गए। शिकायत के अनुसार मंदिर में आरोपिताें ने युवती के साथ मारपीट की। मुख्य आरोपित सुखपाल उर्फ सूरज ने युवती के हाथ, पैर और माथे पर गर्म सरिए से दाग दिया। आरोप है कि युवती के साथ गाली-गलौज की गई और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता के पिता ने बताया कि आरोपिताें का दावा था कि उनकी बेटी के शरीर में 'डायन' का साया है और गर्म सरिए से दागने पर बेटी नहीं, बल्कि 'डायन'जलेगी। इसी अंधविश्वास के चलते युवती के साथ यह अमानवीय कृत्य किया गया। मामले की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और युवती को आरोपिताें के चंगुल से छुड़ाकर घर ले आए। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

मांगलियावास थाना पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर सात नामजद आरोपिताें के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई हुकुम सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए छह आरोपिताें को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर