पुंछ में लापता दो महिलाओं के शव बरामद, फ्लैश फ्लड त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़ी

पुंछ, 24 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में हाल ही में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड और भूस्खलन के बाद चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान के दौरान लापता दो महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, दोनों महिलाओं की पिछले कई दिनों से तलाश की जा रही थी। शव मिलने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर परिजनों को सौंप दिया गया।अधिकारियों ने बताया कि लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान एक महिला का शव सुरनकोट क्षेत्र के निकट बरामद हुआ,

 

 

जबकि दूसरी महिला का शव भी अलग स्थान से खोज निकाला गया। दोनों महिलाएं हाल की मूसलाधार बारिश के कारण आई फ्लैश फ्लड में लापता हो गई थीं। दोनों शवों की बरामदगी के साथ पुंछ में फ्लैश फ्लड से मृतकों की संख्या में और बढ़ोतरी हुई है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, सेना तथा स्थानीय स्वयंसेवकों की संयुक्त टीमें अब भी लापता लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं। गौरतलब है कि हाल ही में पुंछ और राजौरी जिलों में हुई भारी बारिश के कारण फ्लैश फ्लड और भूस्खलन से व्यापक तबाही मची थी। कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, सड़कें बह गईं, वाहन तेज बहाव की चपेट में आ गए और अनेक परिवार प्रभावित हुए। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्य तेज़ी से जारी रखने का आश्वासन दिया है।

   

सम्बंधित खबर