पचास हजार पार पहुंचा राजस्थान पुलिस का ट्रैफिक स्ट्राइक अभियान
- DSS Admin
- Jun 10, 2026

जयपुर, 10 जून (हि.स.)। प्रदेश में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित इस प्रदेशव्यापी अभियान के तहत मात्र छह दिनों में 50 हजार 174 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अवैध ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अनाधिकृत लेखन, अवैध मॉडिफिकेशन और हूटर-फ्लैशर लगाने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसते हुए छठे दिन रिकॉर्ड 10825 चालान बनाए।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में 4 जून से शुरू हुआ यह अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। राजस्थान पुलिस की ‘पहले समझाइश, फिर सख्ती’ नीति के तहत अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अभियान के दौरान अब तक सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म लगाने के मामलों में की गई है। पुलिस ने 19,694 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्लैक फिल्म हटवाई।
इसके अलावा 13,046 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिन्ह पाए गए।
6,791 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, पदनाम, प्रतीक एवं अन्य लेखन मिलने पर कार्रवाई की गई। 4,757 वाहनों में अवैध बॉडी या चेसिस मॉडिफिकेशन पाए जाने पर चालान बनाए गए। 3,244 वाहनों पर अवैध लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर लगाने के मामले दर्ज किए गए।
2,642 वाहनों पर प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न के उपयोग को लेकर कार्रवाई की गई।
छठे दिन सबसे बड़ी कार्रवाई
इस अभियान के छठे दिन पुलिस ने सर्वाधिक 10,825 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान 4,220 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई। 2,449 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पाई गई। 1,784 वाहनों पर अनाधिकृत लेखन मिलने पर कार्रवाई हुई।
763 वाहनों पर अवैध लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर लगाने के मामले दर्ज किए गए।571 वाहनों पर प्रेशर और एयर हॉर्न के उपयोग को लेकर चालान बनाए गए।
डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि राजस्थान पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता और प्रवर्तन दोनों स्तरों पर लगातार कार्य कर रही है। अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म, हूटर, फ्लैशर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग न करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाएं।
---------------

