राजगंज के बीडीओ प्रशांत बर्मन अनुपस्थित, सौरभ कांति मंडल को सौंपी गई जिम्मेदारी
- Admin Admin
- Jan 20, 2026
जलपाईगुड़ी, 20 जनवरी (हि. स.)। राजगंज ब्लॉक के बीडीओ प्रशांत बर्मन की अनुपस्थिति के चलते प्रशासन ने संयुक्त बीडीओ सौरभ कांति मंडल को बीडीओ का अतिरिक्त दायित्व सौंप दिया है। प्रशांत बर्मन के स्थान पर अब सौरभ कांति मंडल प्रशासनिक और वित्तीय दोनों प्रभार संभालेंगे।
बताया गया है कि न्यूटाउने स्वर्ण व्यवसायी हत्याकांड से जुड़े मामले में नाम सामने आने के बाद से बीडीओ प्रशांत बर्मन ग़ैरहाज़िर है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार उन्हें आगामी 23 जनवरी तक आत्मसमर्पण करना है, लेकिन फिलहाल वह फरार बताए जा रहे है। इसी वजह से राजगंज ब्लॉक का प्रशासनिक कामकाज लगभग ठप हो गया था।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सरकारी कामकाज को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से संयुक्त बीडीओ सौरभ कांति मंडल को यह जिम्मेदारी दी गई है।
इस बीच राजगंज के विधायक खगेश्वर राय ने मंगलवार को नव नियुक्त कार्यवाहक बीडीओ सौरभ कांति मंडल का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
विधायक ने कहा कि लंबे समय से ब्लॉक में प्रशासनिक काम रुकी हुई थी, जिसे दूर करने के लिए राज्य प्रशासन ने यह अहम फैसला लिया है।
विधायक ने उम्मीद जताई कि नए दायित्व के साथ कार्यभार संभालने से राजगंज ब्लॉक में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और आम लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार



