मानसून के दौरान तैयारियां पूरी रखें, सड़क परियोजनाओं में न हो देरी: गंगवा
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
चंडीगढ़, 23 जून (हि.स.)। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात के मौसम के दौरान सभी प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय औपचारिकताएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि मौसम अनुकूल होते ही सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों को तेजी से शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
मंगलवार को मंत्री रणबीर गंगवा लोकनिर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप राज्य के सभी 22 जिलों में विकसित की जाने वाली मॉडल रोड परियोजनाओं के साथ अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मंत्री रणबीर गंगवा को अधिकारियों ने बताया कि इन मॉडल सड़कों की कुल लंबाई लगभग 115 किलोमीटर होगी। इन्हें आधुनिक सुविधाओं और सड़क सुरक्षा के लिहाज से प्रदेश की आदर्श सड़कें बनाया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि चयनित 8 सड़कों का विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा सर्वेक्षण जुलाई माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही मॉडल रोड परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी भी जुलाई तक मिलने की संभावना है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि तमाम सड़कों के निर्माण कार्य, रिपेयरिंग इत्यादि के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बारिश के सीजन के अंदर इस संबंध में कागजी कार्रवाई पूरी कर ली जाए। सड़कों के निर्माण की क्वालिटी में किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं होगा।
---------------

