सक्ती में बुजुर्ग दंपत्ति की निर्मम हत्या , पुलिस जांच में जुटी

सक्ती, 03 जून (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला के सेन्दुरस गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में भय और सनसनी का माहौल है। घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब एक पड़ोसी महिला उनके घर पहुंची और दोनों को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया।

मृतकों की पहचान 70 वर्षीय पुरुषोत्तम खूंटे और 55 वर्षीय उनकी पत्नी गोहारिन बाई के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने दोनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर उनकी हत्या की। हमले की गंभीरता इतनी अधिक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रफुल्ल ठाकुर, पंकज पटेल और डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा सहित पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस हत्या के पीछे संपत्ति विवाद, पुरानी रंजिश, चोरी या अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

   

सम्बंधित खबर