कॉर्बेट में जुड़वां हाथी शावकों का दुर्लभ दृश्य, वन्यजीव संरक्षण के लिए शुभ संकेत
- DSS Admin
- May 18, 2026
नैनीताल, 18 मई (हि.स.)। जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में एक जंगली हथिनी अपने जुड़वां नवजात शावकों के साथ दिखाई दी है। हाथियों में जुड़वां बच्चों का जन्म अत्यंत दुर्लभ माना जाता है, ऐसे में इस घटना ने वन्यजीव विशेषज्ञों, पर्यटकों और वन विभाग का ध्यान आकर्षित किया है।
वन विभाग के अनुसार दोनों शावक स्वस्थ हैं और हथिनी पूरी सतर्कता के साथ उनकी देखभाल करती दिखाई दी। इस घटना को कॉर्बेट क्षेत्र में सुरक्षित एवं अनुकूल वन्यजीव वातावरण का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
वन विभाग के अनुसार नौ मई को बिजरानी जोन के जड़पहाड़ क्षेत्र में वनकर्मियों ने पहली बार हथिनी को दो नवजात शावकों के साथ देखा था। इसके बाद 12 और 13 मई को गर्जिया पर्यटन क्षेत्र में पर्यटकों और विभागीय टीमों ने हथिनी और उसके शावकों की तस्वीरें एवं वीडियो कैमरों में कैद किए। वीडियो में दोनों शावक अपनी मां के आसपास खेलते और दूध पीते दिखाई दिए। वन्यजीव प्रेमी संजय छिमवाल ने भी जंगल सफारी के दौरान इस दुर्लभ दृश्य को कैमरे में कैद किया।
वन अधिकारियों के अनुसार 13 मई के बाद हथिनी अपने झुंड के साथ जंगल के भीतर चली गई है, हालांकि उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विशेषज्ञ सतप्रीत सिंह शेट्टी के अनुसार हाथियों में केवल लगभग एक प्रतिशत मामलों में जुड़वां शावकों का जन्म होता है और लंबे गर्भकाल के बाद दोनों शावकों का स्वस्थ रहना अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक साकेत बडोला ने कहा कि यह घटना क्षेत्र में उपलब्ध सुरक्षित वन वातावरण, पर्याप्त भोजन और अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र को दर्शाती है। वन विभाग ने गर्जिया क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है ताकि हथिनी और उसके शावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

